रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में जांच एजेंसियों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। लंबे समय से विदेश में रह रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त जांच प्रक्रिया के बाद भारत लाया गया है। रायपुर में उसे अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा यानी EOW को 30 नवंबर तक पूछताछ के लिए हिरासत मिली है। जांच एजेंसियों के अनुसार वर्ष 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण से जुड़े कथित अनियमितताओं से राज्य के खजाने को 1280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का आरोप है। इस मामले में नवंबर 2024 में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक विकास अग्रवाल लंबे समय से UAE में रह रहा था। उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस की प्रक्रिया के बाद गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की कार्रवाई की गई। इसके बाद छत्तीसगढ़ EOW की टीम उसे रायपुर लेकर पहुंची।अब EOW की पूछताछ में कथित आर्थिक लेन-देन, कमीशन और शराब कारोबार से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जाएगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ से मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पैसों के कथित प्रवाह को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। हालांकि आरोपी पक्ष ने भी अदालत में अपने तर्क रखे हैं और प्रत्यर्पण से जुड़े कानूनी दायरे का हवाला दिया है। मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को प्रस्तावित है। इस पूछताछ से शराब घोटाले की जांच में आगे क्या नए तथ्य सामने आते हैं, इस पर सभी की नजर है।



