Friday, 29 May 2026

5 जिलों में 384 रेड, 126 प्रकरण दर्ज, 21.945 किलो मादक पदार्थ जब्त

महासमुंद। कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान “निश्चय” के तहत 4 व 5 अप्रैल 2026 को रायपुर रेंज के पांच जिलों—बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और रायपुर ग्रामीण में व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 95 टीमों ने 384 स्थानों पर रेड, दबिश और चेकिंग कर असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा।

कार्रवाई के दौरान आबकारी एक्ट के तहत 126 प्रकरण दर्ज कर 126 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं नारकोटिक्स/एनडीपीएस एक्ट के 22 मामलों में 21.945 किलोग्राम मादक पदार्थ और 60 टेबलेट जब्त किए गए। आर्म्स एक्ट के 6 मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 पिस्टल भी बरामद किए गए। इसके अलावा 174 प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां की गईं और 46 वारंट तामील किए गए, जिनमें 31 गिरफ्तारी, 14 स्थायी और 1 जमानती वारंट शामिल हैं।

जिला स्तर पर देखें तो महासमुंद में 38 टीमों ने 115 स्थानों पर रेड कर 35 आबकारी प्रकरण दर्ज किए और 357.020 लीटर शराब जब्त की। साथ ही 10.500 किलोग्राम मादक पदार्थ भी बरामद किया गया। बलौदाबाजार-भाटापारा में 173 लीटर से अधिक शराब और 5.673 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। धमतरी में 150 स्थानों पर दबिश देकर 3972 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया, जबकि गरियाबंद और रायपुर ग्रामीण में भी अवैध शराब व मादक पदार्थों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सट्टा-जुआ के 2 प्रकरणों में 7 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹6,230 जब्त किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन “निश्चय” का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। आने वाले दिनों में भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!