लखौली। MENU 2026 कैंप के तीसरे दिन शुक्रवार को 1 CG नेवल यूनिट NCC, रायपुर के कैडेट्स ने नौसेना प्रशिक्षण के साथ सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश की। इस दौरान कोडार डैम में नौकायन अभ्यास किया गया, वहीं आसपास के चार गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कैंप के तहत आयोजित नौसैनिक प्रशिक्षण गतिविधि में कैडेट्स ने कोडार डैम में नौकायन का व्यावहारिक अभ्यास किया। इस दौरान उन्हें जल आधारित गतिविधियों और नौकायन से जुड़ी तकनीकों की जानकारी मिली। अभ्यास के माध्यम से कैडेट्स में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया।
वहीं दूसरी ओर NCC कैडेट्स और नौसेना के PI स्टाफ ने कौवाझर, लोहर्डीह, कोडार एवं मालीडीह गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्वच्छता, आसपास साफ-सफाई रखने, बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। कैडेट्स ने ग्रामीणों से संवाद कर स्वास्थ्य संरक्षण के लिए अच्छी आदतों को दैनिक जीवन में शामिल करने की अपील की।
MENU 2026 कैंप के माध्यम से कैडेट्स को केवल सैन्य एवं नौसैनिक प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों और जनसेवा से भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। तीसरे दिन की इन गतिविधियों ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामूहिक सहभागिता और समाज के प्रति जिम्मेदारी जैसे NCC के मूल उद्देश्यों को प्रभावी रूप से सामने रखा।


