सोर्स-कैरियर-डेस्टिनेशन तीनों कड़ियों पर कार्रवाई, अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार; 70.08 लाख की संपत्ति जब्त

महासमुंद। अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने 120 किलो गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क की जड़ तक पहुंचते हुए गुजरात के आनंद जिले से दो कथित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सोर्स, परिवहन करने वाले कैरियर और गांजा मंगाने वाले डेस्टिनेशन—तीनों कड़ियों पर कार्रवाई की गई है। इस मामले में अब तक 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामला थाना सिंघोड़ा के अपराध क्रमांक 107/26, धारा 20(B)ii(C) एनडीपीएस एक्ट से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध कंटेनर वाहन की तलाशी ली गई थी। कंटेनर के पीछे डाले में रखी चार प्लास्टिक बोरियों से 120.060 किलो गांजा बरामद हुआ था। इसकी अनुमानित कीमत 60 लाख 3 हजार रुपए बताई गई थी।
मौके से कंटेनर चालक वसीम शाह (38) निवासी नडियाद, जिला खेड़ा और परिचालक अय्युब खान (56) निवासी बोरसद, जिला आनंद, गुजरात को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में दोनों ने गांजा संबलपुर, ओडिशा से गुजरात ले जाना बताया था। कार्रवाई में गांजा, कंटेनर और दो मोबाइल सहित करीब 70 लाख 8 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की गई थी। मामले की जांच में पुलिस ने इंड-टू-इंड इन्वेस्टिगेशन के तहत नेटवर्क की अगली कड़ी खंगाली। पूछताछ और जब्त मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सोर्स राजेश बेहेरा उर्फ राहुल बेहेरा (36), निवासी भीतरपद, जिला देवगढ़, ओडिशा को 11 नवंबर को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद पुलिस ने गांजा मंगाने वाले लोगों की तलाश शुरू की। तकनीकी जांच और आरोपियों से मिली जानकारी को जोड़ते हुए पुलिस गुजरात के जिला आनंद तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक गांजा मंगाने वाले मुख्य डेस्टिनेशन प्वाइंट के रूप में सामने आए वोहरा जावेद भोई (43), निवासी बोरसद, जिला आनंद और मलिक जाकिर हुसैन उर्फ मंत्री (62), निवासी बोरसद, जिला आनंद को 26 नवंबर को उनके ठिकानों पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार कर थाना सिंघोड़ा लाया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


