Saturday, 28 Nov 2026

स्मार्ट मीटर बायपास करने वालों पर शिकंजा

महासमुंद।छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत बकाया राशि की वसूली एवं अवैध रूप से विद्युत उपयोग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से महासमुंद जिले में विशेष जांच अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान पूर्व में स्मार्ट मीटर के माध्यम से रिमोट से तथा नॉन-स्मार्ट मीटर के कनेक्शनों को फील्ड में जाकर विच्छेदित किए जाने के पश्चात उपभोक्ताओं के परिसरों की पुनः जांच की गई। इस दौरान कुल 157 उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच की गई। जांच में बिना बकाया राशि का भुगतान किए तथा स्मार्ट मीटर को बायपास कर अवैध रूप से विद्युत का उपयोग करते पाए जाने पर 67 प्रकरणों में विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत पंचनामा तैयार किया गया।

संभागवार कार्रवाई में सरायपाली संभाग में 27, महासमुंद संभाग में 21 तथा पिथौरा संभाग में 19, इस प्रकार कुल 67 पंचनामे पंजीबद्ध किए गए हैं। इन प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई हेतु विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है तथा संबंधित थानों को भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया जा रहा है।अभियान के दौरान कुल 31 उपभोक्ताओं के द्वारा मौके पर ही बकाया राशि का भुगतान किया गया, जिससे कंपनी को ₹5.98 लाख के राजस्व की प्राप्ति हुई।

विद्युत कंपनी द्वारा राज्य शासन की ओर से संचालित समाधान योजना का लाभ लेने हेतु उपभोक्ताओं से विशेष अपील की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को बकाया राशि के अधिभार एवं अन्य निर्धारित शुल्कों में छूट का प्रावधान है। विशेष रूप से कृषि पंप, बीपीएल एवं घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे अपने बकाया विद्युत देयकों के निराकरण हेतु समाधान योजना में पंजीयन कराएं तथा शासन द्वारा दी जा रही छूट का लाभ उठाएं।

कंपनी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि स्मार्ट मीटर एवं नॉन-स्मार्ट मीटर, दोनों प्रकार के कनेक्शनों में विद्युत विच्छेदन के पश्चात बिना बकाया राशि का भुगतान किए पुनः विद्युत का उपयोग करना तथा स्मार्ट मीटर को बायपास कर विद्युत का उपयोग करना गंभीर विद्युत अनियमितता एवं चोरी की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विद्युत कंपनी द्वारा विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण, बकाया वसूली एवं राजस्व संग्रहण में वृद्धि के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष जांच अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!