महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत कोमाखान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा के एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3.190 किलो गांजा, जिसकी कीमत 1 लाख 59 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 लाख 60 हजार रुपए है।

पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में गांजा तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार चेकिंग एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि काली मंदिर टेमरी के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम आलेख जगत (26), निवासी माकरागुड़ा, थाना केगांव, जिला कालाहांडी, ओडिशा बताया।
पुलिस ने संदेही को सूचना से अवगत कराने के बाद उसके पास रखे बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 3.190 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा केगांव, जिला कालाहांडी (ओडिशा) से रायपुर (छत्तीसगढ़) लेकर जाने की तैयारी में था। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 220/2026, धारा 20(B)(II)(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


