Saturday, 28 Nov 2026

शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की 8 मोटरसाइकिलें और 14 मोबाइल बरामद

महासमुंद। सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की 8 मोटरसाइकिलें तथा 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान घनश्याम ध्रुव (31), निवासी वार्ड क्रमांक 06, टिकरापारा झलप, थाना पटेवा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम धनसुली निवासी बंसत कुमार साहू ने 13 अक्टूबर 2026 को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MY 1036 चोरी होने की रिपोर्ट थाना महासमुंद में दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 619/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान 27 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बस स्टैंड महासमुंद के पास एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम घनश्याम ध्रुव बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में अलग-अलग स्थानों से कुल 8 मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते उसने तीन मोटरसाइकिल अपने पास रखी थीं, जबकि पांच मोटरसाइकिल अलग-अलग लोगों के पास गिरवी रख दी थीं।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तथा गिरवी रखी गई मोटरसाइकिलों को संबंधित व्यक्तियों द्वारा थाने में पेश किए जाने के बाद कुल 8 बाइक विधिवत जब्त कीं। इनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डीलक्स सहित मोटरसाइकिलें शामिल हैं। बरामद वाहनों में CG 04 RV 8963, CG 06 GD 8748, CG 04 MT 0648, CG 06 GK 0473, CG 04 MU 4374, CG 06 GL 4309, CG 06 GH 6899 और CG 04 MY 1036 शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 14 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में मोटरसाइकिल गिरवी रखने वाले व्यक्तियों द्वारा विवेचना में सहयोग करने और शपथ पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद सुप्रीम कोर्ट के अर्नेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप वैधानिक कार्रवाई की गई। मुख्य आरोपी घनश्याम ध्रुव को 27 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!