Sunday, 21 Jun 2026

बालश्रम के लिए ले जाए जा रहे 6 नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू, डॉ. वर्णिका शर्मा की तत्परता से बैंड पार्टी और वाहन चालक पर कार्रवाई के निर्देश

महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र में बाल श्रम का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने सड़क पर एक पिकअप वाहन में बैंड पार्टी के साथ ले जाए जा रहे 6 नाबालिग बच्चों को देखा और तत्काल हस्तक्षेप करते हुए बच्चों का रेस्क्यू कराया।

जानकारी के अनुसार आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा महासमुंद प्रवास पर थीं, इसी दौरान उन्होंने पिकअप वाहन क्रमांक CG06GM4266 में नाबालिग बच्चों को ले जाते देखा। उन्होंने मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे तक स्थिति की जानकारी ली और तत्काल एसजेपीयू (स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट), जिला बाल संरक्षण इकाई एवं डीपीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी 6 बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया और उन्हें तुमगांव थाना लाया गया। वहीं बाल श्रम में प्रयुक्त वाहन चालक और बैंड पार्टी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. वर्णिका शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों से मजदूरी कराना गंभीर अपराध है और ऐसी लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चाइल्डलाइन टीम को भी लगातार निगरानी और निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस तरह के मामलों पर रोक लगाई जा सके।

बताया गया कि इस मामले में बाल अधिकार संरक्षण नियम 2005 की धारा 13 एवं सहपठित धारा 14 के तहत आयोग द्वारा संज्ञान लिया जाएगा। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा और बाल श्रम उन्मूलन के लिए आयोग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!