Wednesday, 10 Jun 2026

तुमगांव नपं अध्यक्ष की गिरफ्तारी से मचा बवाल, तुमगांव हुआ बंद – साहू समाज में आक्रोश

महासमुंद/तुमगांव। नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू की कल सुबह हुई गिरफ्तारी के बाद से पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और समर्थकों के साथ-साथ साहू समाज में भी गहरी नाराजगी देखी जा रही है। इसी आक्रोश के चलते आज सुबह से ही ग्रामीणों ने तुमगांव नगर पंचायत क्षेत्र को पूर्णतः बंद करा दिया।

ग्रामीणों और समर्थकों का आरोप है कि पुलिस ने बलरामकांत साहू को सत्तापक्ष के दबाव में गिरफ्तार किया। उनका कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से देह व्यापार और अवैध गतिविधियां चल रही हैं। जबकि पीटा एक्ट लागू होने के बावजूद पुलिस ने इस पर कार्रवाई नहीं की। बलरामकांत साहू ने इस मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी थी, लेकिन उनकी आवाज को दबाने के लिए पुलिस ने कथित तौर पर देह व्यापार में लिप्त महिला की झूठी रिपोर्ट पर अल सुबह उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि इस घटना को लेकर प्रदेश स्तर पर साहू समाज में भी गहरा आक्रोश है। समाज के पदाधिकारी बड़े आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि आज दोपहर बाद रणनीति बनाकर ग्रामीण और समर्थक थाने का घेराव कर सकते हैं।

गिरफ्तारी के बाद से ही नगर में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। वहीं समर्थकों ने चेतावनी दी है कि यदि बलरामकांत साहू को जल्द रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!