महासमुंद। खबर का असर महासमुंद टाइम्स ने जिला विपणन अधिकारी टिकेंद्र राठौर की बढ़ती अनियमितता और मिलर्स सहित जनप्रतिनिधियों से दूर व्यवहार की वजह से हुई शिकायत के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद शासन प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आज टिकेंद्र राठौर का तबादला कर दिया है।
गौरतलब है कि जिले में लंबे समय से विपणन संघ की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का असर आखिरकार सामने आ गया है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ ने आदेश जारी कर जिला विपणन अधिकारी टीकेन्द्र राठौर को महासमुंद से हटाकर विपणन संघ मुख्यालय पदस्थ कर दिया है। उनकी जगह कांकेर से सह प्रबंधक आशुतोष कोसारिया को जिला विपणन अधिकारी महासमुंद बनाया गया है। यह आदेश प्रबंध संचालक किरण कौशल ने 3 सितम्बर को तत्काल प्रभाव से जारी किया।
लगातार उठ रही थीं शिकायतें
वर्तमान विपणन अधिकारी के खिलाफ जिला राइस मिलर्स एसोसिएशन ने 21 अगस्त को महासमुंद में बैठक कर लिखित शिकायत भेजी थी। इसमें मिलर्स ने आरोप लगाया कि अधिकारी का व्यवहार अव्यावहारिक है, छोटे-छोटे कार्यों में अनावश्यक विलंब होता है और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जाता है।
इसके पूर्व 7 जून को विधायक योगेश्वर (राजू) सिन्हा ने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल को पत्र लिखकर शिकायत की थी कि विपणन अधिकारी का जनप्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार है तथा वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत भी मिली है। विधायक ने अधिकारी को अन्य जिले में स्थानांतरित करने की मांग की थी। इसी क्रम में 15 जुलाई को विपणन संघ मुख्यालय ने राठौर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा था।


