महासमुंद, 11 सितम्बर। करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट पर शासकीय, आदिवासी, सिंचाई विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा वन विभाग की भूमि सहित किसानों की काबिल कास्त भूमि पर जबरन कब्ज़े का गंभीर आरोप लगाते हुए किसान मोर्चा अब खुलकर मैदान में उतर आया है।
इस संबंध में माननीय उच्च न्यायालय के आदेश एवं मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने कार्यवाही शुरू कर दी है। कल 12 सितम्बर को नायब तहसीलदार तुमगांव, श्रीमती तृप्ति चंद्राकर की उपस्थिति में कब्ज़ा हटाने एवं संपूर्ण नाप-जोख की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान किसान मोर्चा सत्याग्रही रूप में मौजूद रहेगा।
किसान नेताओं ने आशंका जताई है कि अवैध कब्ज़ा खाली कराने और नाप-जोख की प्रक्रिया को बाधित करने के लिए कंपनी प्रबंधन बाहरी असामाजिक तत्वों को बुलाकर हमला करवा सकता है। आंदोलनकारियों ने मांग की है कि जैसे कंपनी गेट पर हड़ताल के समय एएसपी-डीएसपी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाती है, वैसे ही शासकीय भूमि को खाली कराने की इस प्रक्रिया में पुलिस अधीक्षक स्वयं उपस्थित रहकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।
सत्याग्रही आंदोलनकारियों में नंदकुमार साहू, अशोक कश्यप, नाथूराम सिन्हा, दसरथ सिन्हा, हेमसागर पटेल, धर्मेंद्र यादव, तोषण सिन्हा, लीलाधर पटेल, उदय चंद्राकर, बैशाखु सिन्हा, डेविड चंद्राकर, प्रहलाद ध्रुव, टिकेलाल जलक्षत्रि, कुंजलाल चेलक, बल्ला सिन्हा, कृष्ण साहू, विसरु ध्रुव आदि ने स्पष्ट कहा है कि अवैध कब्ज़े को हटाना प्रशासन का कर्तव्य है और इसे किसी भी हालत में रुकने नहीं दिया जाएगा। इस कार्यवाही पर पूरे जिले की निगाहें टिकी हुई हैं।


