महासमुंद। दिल्ली में आयोजित होने वाले परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व महासमुंद नगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, नयापारा की होनहार छात्रा कुमारी सृष्टि साहू करेंगी। यह पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अमि रुफस के मार्गदर्शन में परीक्षा पे चर्चा–9 के अंतर्गत MyGov पोर्टल पर 1 दिसंबर 2025 से 11 जनवरी 2026 तक पंजीयन कराया गया था। इस दौरान कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने ऑनलाइन MCQ आधारित प्रतियोगिता में भाग लिया। संस्था द्वारा शत-प्रतिशत पंजीयन कराया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा 12वीं (गणित संकाय) की छात्रा, शाला नायिका एवं एक दिवस की प्राचार्य का दायित्व निभा चुकी कुमारी सृष्टि साहू का चयन हुआ।
इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने छात्रा को बधाई दी तथा दिल्ली जाने हेतु फ्लाइट टिकट सहित सभी व्यवस्थाएं कराईं। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा पे चर्चा शिक्षा मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ देश-विदेश के विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक परीक्षा से जुड़े तनाव, अनुभव और सकारात्मक तैयारी पर संवाद करते हैं। यह मंच विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला है।
डी.एम.सी. महासमुंद रेखराज शर्मा ने भी सृष्टि को बधाई देते हुए कहा कि यह एक बड़ी उपलब्धि है। यह कार्यक्रम पांच चरणों में आयोजित होता है— प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी, परीक्षा पे चर्चा किट, प्रमाण पत्र, पीएम आवास का भ्रमण संभव, प्रेरणादायी संवाद।
उन्होंने छात्रा को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने एवं जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अमि रुफस एवं कुमारी सृष्टि साहू को जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, सहायक संचालक एन. के. सिन्हा, एडीपीओ प्रमोद कुमार कन्नौज, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी जागेश्वर सिन्हा सहित वरिष्ठ व्याख्याता गोसाई राम टांडेकर, प्रियंका पीटर, ओमप्रकाश देवांगन, हरीश पाण्डेय, अंशुमाला बाल बारिक (क्लास टीचर), एपीसी श्रीमती संपा बोस तथा संस्था के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सृष्टि साहू की इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे महासमुंद जिले में हर्ष और गौरव का वातावरण है।


