छुरिया। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डायल 102 की टीम ने छुरिया थाना क्षेत्र में एक आरोपी को धर दबोचा है, जिसके पास से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी इंद्र कुमार उर्फ राहुल साहू अवैध रूप से महाराष्ट्र निर्मित शराब की खेप लेकर जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। जांच में वाहन से कुल 16 पेटी शराब बरामद की गई। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन को भी जब्त कर थाने लाया गया।
छुरिया थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शराब को स्थानीय स्तर पर खपाने की योजना थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताया है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार अवैध शराब तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।


