जशपुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोदाम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देते हुए ग्राम साईं टांगर टोली निवासी मोहम्मद तकीम खान को पकड़ा है। उसके पास से 19 कागज की पुड़िया में रखी गई ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसका कुल वजन 1 ग्राम 95 मिलीग्राम और बाजार कीमत करीब 30 हजार रुपए आंकी गई है।
यह जशपुर जिले में ब्राउन शुगर से जुड़ी पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक ब्राउन शुगर की पुड़िया लेकर ग्राहक तलाश रहा है। इस पर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लोदाम थाना पुलिस टीम मौके पर रवाना हुई। जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया, वह भागने लगा। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से एक पीली प्लास्टिक की पन्नी बरामद हुई, जिसमें छोटे-छोटे कागज की 19 पुड़ियां रखी थीं। सभी पुड़ियों में ब्राउन शुगर पाई गई।
पुलिस ने मौके पर ही ब्राउन शुगर जब्त कर आरोपी तकीम खान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने ब्राउन शुगर कहां से खरीदी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।


