महासमुंद। छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित करने के उद्देश्य से “युवा रत्न सम्मान” योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत 15 से 29 वर्ष के युवा और सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, साहसिक, शैक्षणिक, खेल, नवाचार, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कला एवं संगीत, लोककला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संगठन आवेदन कर सकते हैं।
पुरस्कार राशि और चयन प्रक्रिया चयनित युवा को 2,50,000 रूपए और स्वैच्छिक संगठन को 5,00,000 रूपए पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। सामाजिक, साहित्य, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कला एवं संगीत, लोककला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अन्य युवा को 1,00,000 रूपए प्रति व्यक्ति पुरस्कार राशि मिलेगी।
जिले से प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन समिति द्वारा किया जाएगा और चयनित आवेदकों को खेल विभाग, रायपुर भेजा जाएगा।आवेदन 30 नवम्बर 2025 तक जिले के कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद, बरोंडा चौक, यातायात थाना, बागबाहरा रोड, मोबाइल: 9617500748 इसके अलावा, आवेदन और विवरण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी देखे जा सकते हैं।
खेल अधिकारी ने बताया कि युवा रत्न सम्मान उन युवाओं और संगठनों को प्रदान किया जाएगा जिन्होंने असाधारण और विशिष्ट सेवा कार्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया है। यह योजना युवाओं को राष्ट्रीय विकास और समाज सेवा के लिए प्रेरित करने और उनके व्यक्तिगत कौशल को निखारने का माध्यम है।


