महासमुंद/तुमगांव। लगभग डेढ़ माह जेल में बिताने के बाद तुमगांव नगर पंचायत के अध्यक्ष बलराम कांत साहू को दो दिन पूर्व हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। रिहाई के बाद नगर में उनके आगमन पर जनता ने ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार, कुछ माह पूर्व नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध जिस्मफरोशी का धंधा करने वाली महिलाओं को नगर से बाहर जाने की बात कहने पर, उन्हीं में से एक महिला ने बलराम कांत साहू पर अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया था।
गिरफ्तारी के बाद नगरवासियों ने बलराम कांत साहू की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए थाना घेराव और धरना प्रदर्शन किया था। लोगों का कहना था कि बलराम कांत साहू ने सिर्फ समाज सुधार की दिशा में कदम उठाया था, लेकिन साजिश के तहत उन्हें फंसाया गया।
अब जब वे जमानत पर रिहा होकर नगर लौटे हैं, तो पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। दीपावली के नजदीक आते ही बलराम कांत साहू ने जनता से भेंट कर माता लक्ष्मी की पूजा सामग्री भेंट की और आशीर्वाद प्राप्त किया। नगरवासियों का कहना है कि बलराम कांत साहू हमेशा नगर के विकास और जनसेवा के लिए तत्पर रहते हैं और उनकी वापसी से नगर में फिर से नई ऊर्जा लौट आई है।


