महासमुंद। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरोरा में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले सभी उपद्रवियों को पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में ले लिया है। इस मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
बीती रात बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती समारोह के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने कार्यक्रम में घुसकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने और रोकने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने तत्काल मोर्चा संभाला और त्वरित एक्शन लेते हुए सिटी कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा। एएसपी पाण्डेय की सख्त निगरानी और रणनीतिक नेतृत्व में रात में ही गांव की स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया गया और शांति बहाल की गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसी रात 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि 3 आरोपी फरार थे। लेकिन एएसपी प्रतिभा पाण्डेय के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने लगातार दबिश देकर आज दोपहर तक बचे हुए तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार सभी 5 आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं और जेल भेज दिए गए हैं। गांव में वर्तमान में पूरी तरह शांति का माहौल है और जयंती समारोह भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
पुलिस की त्वरित निर्णय और सख्त कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि महासमुंद पुलिस कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। पुलिस की इस तेज और प्रभावी कार्रवाई से असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश मिला है कि पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


