रायपुर। राजधानी रायपुर से एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसआईए (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) ने नक्सली रामा किचाम को भाठागांव इलाके से दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से सोने के बिस्किट और भारी मात्रा में नगदी भी बरामद हुई है।
सूत्रों के अनुसार रामा किचाम लंबे समय से नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था और रायपुर व आसपास के इलाकों में संगठन के लिए आर्थिक गतिविधियां संचालित कर रहा था। उसके नेटवर्क की जांच अब खंगाली जा रही है।
गौरतलब है कि चार दिन पहले ही नक्सली दंपति की गिरफ्तारी रायपुर से हुई थी। लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि राजधानी में नक्सली नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय मोड में हैं।
एसआईए अधिकारियों का कहना है कि रामा किचाम से पूछताछ जारी है और जल्द ही उसके सहयोगियों तक पहुंच बनाई जाएगी। बरामद सोना और नकदी यह संकेत देते हैं कि नक्सली संगठन राजधानी में वित्तीय लेन-देन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था।


