राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में आज शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। चिरचारी नेशनल हाईवे चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में कार सवार 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश पासिंग की यह कार इंदौर से रायपुर की ओर जा रही थी और इसमें कुल 7 लोग सवार थे। सभी युवक राजनांदगांव होते हुए रायपुर जा रहे थे। कार तेज रफ्तार में थी और अचानक ब्रेक लगाने पर यह बेकाबू होकर दूसरी दिशा में मुड़ गई, तभी सामने से आ रहे ट्रक से जबरदस्त टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बागनदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, साथ ही ट्रक चालक से भी पूछताछ की जाएगी।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर लंबे समय से ओवरस्पीड वाहनों के कारण हादसे बढ़ रहे हैं और इस क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है।


