महासमुंद। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 में बीती रात एक और बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। इस बार चोरों ने उस घर को निशाना बनाया, जिसके सदस्य एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के चलते रात एक बजे अस्पताल लेकर गए थे।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 6 निवासी असलम रज़ा के घर में गर्भवती बहू को रात्रि लगभग 1 बजे लेबर पेन आया। ऐसे में परिवार के तीनों सदस्य महिला को लेकर अस्पताल चले गए, और घर पूरी तरह खाली रह गया। सुबह जब पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार ने देखा कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है, तो उन्होंने तुरंत असलम रज़ा को सूचना दी। जब असलम रज़ा घर पहुंचे, तो अलमारी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। घर की अलमारी में रखे करीब साढ़े 5 लाख रुपये नगद और 15 से 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी हो चुके थे। अज्ञात चोरों ने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त सिर्फ कागज़ों में ही सीमित है, जबकि चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस बड़े चोरी के वारदात को देखते हुए आज वार्ड नंबर 6 के निवासियों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने अपने मुहल्ले के चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। नागरिकों ने कहा कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो वे जन आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
शहर के वार्ड नंबर 6 क्षेत्र सहित शहर के अन्य इलाकों में लगातार चोरी के वारदात बढ़ते जा रहे हैं। बावजूद इसके किसी भी मामले में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों का भरोसा पुलिस पर कमजोर होता जा रहा है। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाएं पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।”


