महासमुंद। छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक स्थल सिरपुर में राष्ट्र समर्पित संगठन सम्राट अशोक क्लब भारत की राज्य इकाई छत्तीसगढ़ द्वारा राष्ट्रमाता सावित्रीबाई फुले की जन्म जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को फहराकर और भगवान बुद्ध, सम्राट अशोक महान तथा सावित्रीबाई फुले के तैल चित्रों पर पंचशील दीप प्रज्वलित करके की गई।
मुख्य अतिथि धम्म गुरु खेम्पो कर्मा गेण्डेयूम, प्रमुख आचार्य बौद्ध शिक्षा सारनाथ (उत्तर प्रदेश) रहे। कार्यक्रम में क्लब के राष्ट्रीय महासचिव जीवन दीप सिंह, डीआईजी डॉ. संतोष सिंह (छत्तीसगढ़ शासन), डॉ. राजकुमार पटेल, एस.एन. मौर्य, टिकेश्वरी पटेल, प्रदेश अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, राम उग्रह मौर्य तथा राधेश्याम जी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने भारत के वैभवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला तथा राष्ट्रमाता सावित्रीबाई फुले के सामाजिक उत्थान, विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा और जागरूकता के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। विद्वानों, इतिहासकारों और प्रबुद्ध जनों ने उनके योगदान पर गहन विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में छोटे बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने समां को और भी मनोरम बना दिया।
क्षेत्रवासियों ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की और हर्ष व्यक्त किया। राष्ट्रीय महासचिव जीवन दीप सिंह ने कहा कि सम्राट अशोक क्लब भारत, सम्राट अशोक महान के लोक कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के विभिन्न जिलों सूरजपुर, बलरामपुर, रायगढ़, कोरबा, बलोदा बाजार-भाटापारा, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, अंबिकापुर, मरवाही आदि से क्लब के पदाधिकारी और राष्ट्र समर्पित जिला नेतृत्वकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह आयोजन सिरपुर की बौद्ध विरासत को भी रेखांकित करता हुआ सफल रहा।


