महासमुंद। जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और जिले की विभिन्न थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। महज 24 घंटे के भीतर सिंघोड़ा, कोमाखान और बागबाहरा थाना क्षेत्रों में की गई तीन ताबड़तोड़ कार्रवाई में कुल 132 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 66 लाख 25 हजार रुपए बताई गई है।
इन तीनों प्रकरणों में पुलिस ने कुल 11 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त 6 कारें भी जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 55 लाख रुपए है। गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा के निवासी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार ओडिशा से गांजा की खेप मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की ओर ले जाई जा रही थी। इस पूरे नेटवर्क को महज 6 घंटे के भीतर एंड-टू-एंड ऑपरेशन में पकड़ने में रायपुर, राजनांदगांव और भंडारा जिले की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय देखने को मिला। इस कार्रवाई में साइबर थाना की डाटा एनालिटिक्स एवं इंटेलिजेंस डेस्क की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।
थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में दो कारों से 52.5 किलो गांजा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। थाना कोमाखान में बोलेरो और दो स्वीफ्ट डिजायर कारों से 40 किलो गांजा बरामद कर छह आरोपियों को पकड़ा गया, जिनमें गांजा मंगाने वाला और पायलट वाहन चालक भी शामिल हैं। वहीं थाना बागबाहरा क्षेत्र में हुंडई वेरना कार से 40 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक 34 प्रकरणों में 2285 किलो गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कीमत लगभग 11 करोड़ 42 लाख 74 हजार रुपए आंकी गई है। इस दौरान 35 वाहन जब्त किए गए हैं और 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें अधिकांश अन्य राज्यों से संबंधित हैं।


