एथलेटिक्स में बेटियों की धमाकेदार एंट्री – महासमुंद में अस्मिता वुमेंस लीग 14 नवम्बर से शुरू
महासमुंद। खेल प्रतिभा और महिला सशक्तिकरण का संगम बनने जा रहा है महासमुंद का फारेस्ट ग्राउंड। कल 14 नवम्बर की सुबह 8 बजे से अस्मिता वुमेंस लीग एथलेटिक्स मीट का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन जिला एथलेटिक्स संघ महासमुंद द्वारा छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ एवं एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य है कि बालिकाओं में एथलेटिक्स के प्रति रुचि बढ़ाना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना। इस पहल को खेल जगत में “महासमुंद की बेटियों की नई उड़ान” के रूप में देखा जा रहा है। अस्मिता वुमेंस लीग में जिलेभर की प्रतिभाशाली बालिकाएँ दमखम दिखाने उतरेगीं।
गौरतलब है कि अंडर-14 वर्ग (ट्रायथलॉन-B) में होंगी 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और 600 मीटर दौड़। वहीं अंडर-16 वर्ग में जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट, 60 मीटर, 600 मीटर, ऊँची कूद और लंबी कूद जैसी रोमांचक स्पर्धाएँ आयोजित की जाएँगी। हर इवेंट में बेटियों का जोश देखने लायक होगा। जिला एथलेटिक्स संघ का कहना है कि इस प्रतियोगिता से निकलने वाली बालिकाएँ आने वाले समय में प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
जिले के सभी स्कूलों और खेल संस्थानों की बालिकाएँ ऑनलाइन फार्म के माध्यम से इस प्रतियोगिता में पंजीयन कर सकती हैं। आयोजन समिति के अनुसार, भाग लेने वाली बालिकाओं को खेल उपकरणों और कोचिंग का भी मार्गदर्शन मिलेगा। आयोजन समिति ने जिले के अभिभावकों और खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। महासमुंद की यह पहल न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच बनेगी बल्कि समाज में बेटियों की शक्ति और आत्मविश्वास का प्रतीक भी बनेगी। 14 नवम्बर की सुबह फारेस्ट ग्राउंड बनेगा बेटियों के जज्बे और ऊर्जा का गवाह… जहां हर कदम, हर छलांग और हर थ्रो के साथ गूंजेगा एक ही संदेश — ‘अस्मिता की उड़ान अब रुकने वाली नहीं।’


