Saturday, 7 Mar 2026

आपरेशन आघात में कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की 50 लाख की संपत्ति फ्रीज

जशपुर। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने एक और बड़ी कार्यवाही करते हुए कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की 50 लाख 64 हजार 653 रुपए की अवैध संपत्ति को SAFEMA कोर्ट, मुंबई के आदेश पर फ्रीज कर दिया है। पुलिस की जांच में पाया गया कि रोहित यादव ने गांजा तस्करी से अवैध कमाई कर मकान, एक मारुति स्विफ्ट कार, चार मोटर साइकल और एक स्कूटी खरीदी थी। खेती-किसानी करने वाले आरोपी के लिए इतनी बड़ी संपत्ति अर्जित करना संदिग्ध पाया गया। इसलिए इसे अवैध घोषित कर फ्रीज कर दिया गया।

गौरतलब है कि वर्ष 2013 में चौकी कोतबा पुलिस ने रोहित यादव को 13 किलो गांजा के साथ पकड़ा था। 2017 में अंबिकापुर पुलिस ने उसे 23.630 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया। 2021 में चौकी कोतबा क्षेत्र से पुलिस ने उसके कब्जे से 20.570 किलो गांजा बरामद किया। 2023 में वह 82 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया। इन मामलों में आरोपी को बार-बार जेल भेजा गया, लेकिन उसने तस्करी का धंधा नहीं छोड़ा और इसे अपना स्थायी व्यवसाय बना लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल ने आरोपी की आय-व्यय और संपत्ति की विस्तृत जांच की। रिपोर्ट SAFEMA कोर्ट को भेजी गई। आरोपी को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद कोर्ट ने संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अब तक दो कुख्यात गांजा तस्करों – रोहित यादव और हीराधर यादव की अवैध संपत्ति को SAFEMA कोर्ट के माध्यम से फ्रीज कराया गया है। यह कार्रवाई नशे के कारोबारियों के लिए सख्त संदेश है कि अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति किसी भी हाल में सुरक्षित नहीं रहेगी।” इससे पहले मार्च 2025 में जशपुर पुलिस ने कुख्यात तस्कर हीराधर यादव की करीब 1 करोड़ 38 लाख 82 हजार की संपत्ति को फ्रीज कराया था।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545