Wednesday, 10 Jun 2026

IPL सट्टे का काला खेल, महासमुंद पुलिस का बड़ा एक्शन, मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार, 2 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में IPL ऑनलाइन सट्टे के काले कारोबार पर महासमुंद पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुख्य मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करोड़ों रुपए के लेनदेन का रिकॉर्ड, लैपटॉप, टैबलेट और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से ऑनलाइन सट्टा कारोबार में हड़कंप मच गया है।

मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि महासमुंद थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टेबाजों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पूर्व में दर्ज जुआ एक्ट के एक प्रकरण की विवेचना और तकनीकी विश्लेषण में बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप और विभिन्न ऑनलाइन पैनलों के माध्यम से IPL मैचों में सट्टा संचालित कर रहे हैं।

जांच के बाद पुलिस टीम ने रायपुर और बेमेतरा में दबिश देकर दुर्गेश डहरे उर्फ योगेश, ललित चावला, अंशु बग्गा, सौरभ जैन, विजय वर्मा और निशांत नागवानी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह UNCLEBAT9, UNCLE777, Grand777, PowerExch, WazirExch, Classic7777, GrandExch और God777 जैसे ऑनलाइन पैनलों के जरिए सट्टा चला रहा था। आरोपी लगातार ठिकाने बदल-बदलकर अलग-अलग स्थानों से नेटवर्क संचालित कर रहे थे ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। पुलिस जांच में करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपए के ऑनलाइन सट्टा लेनदेन का रिकॉर्ड सामने आया है। आरोपियों से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 22 मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2 करोड़ 46 हजार 400 रुपए आंकी गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि गिरोह का मुख्य एडमिन नितिन नामक व्यक्ति बताया जा रहा है, जो पैनल ऑपरेट कर आईडी बेचने, रकम का वितरण और नेटवर्क संचालन का काम करता था। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के साथ-साथ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। महासमुंद पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!