बागबाहरा। जनपद पंचायत बागबाहरा कार्यालय में सोमवार को दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर के हाथों दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष चंद्राकर ने कहा कि समाज के हर वर्ग के साथ-साथ दिव्यांगजनों का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजन अपने दैनिक क्रियाकलाप, शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों को अधिक सहजता से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी शारीरिक सीमाओं को कम करने और जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधि और समाज सभी का दायित्व है कि दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की स्वतंत्र कार्यप्रणाली को बेहतर बनाया जाए।
इस अवसर पर कुल पांच ट्राइसाइकिल, पांच व्हीलचेयर, पांच श्रवण यंत्र एवं एक वाकर दिव्यांगजनों को प्रदान किए गए। साथ ही नशामुक्त भारत अभियान के तहत “विकसित भारत का मंत्र, भारत हो नशे से स्वतंत्र” के संदेश के साथ उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बागबाहरा अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जनपद पंचायत सीईओ मनहरन लाल मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, सभापति लता पाड़े, जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर, जुनवानीकला सरपंच नरेंद्र ठाकुर, पूर्व सरपंच रिंकू चेतन चंद्राकर, मुबारक खान, समाज कल्याण विभाग महासमुंद से अनिल केसरिया, समाज शिक्षा संगठक मानसिंह बरिहा, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी लखन साहू, एडीईओ एकलदेव निषाद सहित बड़ी संख्या में हितग्राही एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


