ग्राम कपोट (पाली थाना क्षेत्र) की घटना, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा। बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाइवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कपोट में खेत से काम करके लौट रही एक महिला को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने तत्काल सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीण मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा और आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। काफी देर की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हुई और जाम खोला जा सका।फिलहाल मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।


