महासमुंद। शहर के वार्ड नंबर 4 में अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक लंदन पैलेस के संचालक राधेश्याम साहू ने सरकारी जमीन और आम रास्ते पर घेराबंदी कर भवन निर्माण शुरू करा दिया है। इस संबंध में स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका परिषद से शिकायत की, लेकिन पालिका की चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, साहू ने नगर पालिका को जो दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं, उसमें सरकारी जमीन को भी अपने नाम दर्शा दिया गया है। जबकि हकीकत यह है कि वर्षों से यह जमीन नगर पालिका के अधीन रही है। इसी जमीन पर पालिका ने नाली निर्माण तक कराया था और पूर्व में यहीं से अवैध कब्जा हटाया भी गया था। अब अचानक यह जमीन निजी नाम पर कैसे दर्ज हो गई, यह रहस्य हर किसी को हैरान कर रहा है।
बिना अनुमति संचालित हो रहा मैरिज पैलेस स्थानीय निवासियों का आरोप है कि न सिर्फ कब्जा, बल्कि इसी जमीन पर निर्मित लंदन मैरिज पैलेस भी पूरी तरह अवैध है। इसके लिए न तो नगर पालिका से अनुमति ली गई है और न ही टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से मान्यता प्राप्त है। इसके बावजूद मैरिज पैलेस खुलेआम संचालित हो रहा है।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल इतने स्पष्ट तथ्य सामने होने के बाद भी नगर पालिका और जिला प्रशासन की चुप्पी संदेह पैदा कर रही है। क्या प्रशासन राजनीतिक दबाव और पैसों के प्रभाव में काम कर रहा है? नयापारा वार्ड नंबर 4 के लोग अब सवाल कर रहे हैं कि क्या उन्हें प्रशासन से न्याय मिल पाएगा, या फिर सरकारी जमीनों पर इस तरह का कब्जा सत्ता और प्रभाव के दम पर यूं ही जारी रहेगा।


