महासमुंद। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सुश्री दुर्गा सागर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की निष्क्रियता और जनविरोधी फैसलों के कारण छत्तीसगढ़ की जनता आज गंभीर समस्याओं से जूझ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। किसान टोकन के लिए भटक रहे हैं, पर सरकार समाधान के बजाय केवल बयानबाज़ी में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन जैसी महिलाओं के नाम पर चलाई जा रही योजनाओं में भी छल किया जा रहा है। ई-केवाईसी की आड़ में महिलाओं का नाम काट कर उनके अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
सुश्री सागर ने बिजली बिलों में बेतहाशा वृद्धि को भी आम जनता की कमर तोड़ने वाला निर्णय बताया। महंगाई चरम पर है, पर सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है और सरकार इस पर भी आंखें मूंदे बैठी है।
कानून-व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। आए दिन महिलाओं व नाबालिग बच्चियों के साथ जघन्य अपराध हो रहे हैं लेकिन सरकार की तरफ से किसी ठोस कार्रवाई का अभाव है।
अंत में सुश्री दुर्गा सागर ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि भाजपा की यह डबल इंजन सरकार जनता और महिलाओं की समस्याओं की अनदेखी करती रही तो महिला कांग्रेस सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेगी। अब हम चुप नहीं बैठेंगे। महिलाओं का हक और सम्मान किसी भी कीमत पर छीना नहीं जाने देंगे।” महिला कांग्रेस का साफ संदेश – चुप्पी अब नहीं, संघर्ष निश्चित!


