महासमुंद/पिथौरा। पिथौरा की प्रतिभाशाली बेटी शिवानी नायडू ने अपनी मेहनत और लगन से एक बार फिर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, बिलासपुर में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में शिवानी को बी.एससी. बायोटेक्नोलॉजी में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 17 अक्टूबर 2025 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रामेन डेका द्वारा प्रदान किया गया। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति, प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएँ और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
शिवानी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके परिवारजनों और पिथौरा क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। पिता चन्द्रशेखर नायडू, माता श्रीमती रीता नायडू, संरक्षक बलराज नायडू, श्रीमती देवी नायडू, तथा दादा श्री हनुमंत राव नायडू ने इस उपलब्धि को पूरे परिवार के लिए “गौरव और प्रेरणा का क्षण” बताया।
परिवार का कहना है कि “शिवानी की लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम ऊँचा किया है।शिवानी अब उच्च शिक्षा प्राप्त कर अनुसंधान (रिसर्च) के क्षेत्र में आगे बढ़ने की आकांक्षा रखती हैं। पिथौरा क्षेत्र में शिवानी की इस सफलता को लेकर बधाइयों का तांता लगा है। शिक्षकों, सहपाठियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि “शिवानी नायडू ने यह साबित किया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो छोटे कस्बों से भी बड़ी उपलब्धियाँ हासिल की जा सकती हैं।”यह सफलता निश्चित रूप से क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।


