महासमुंद। जिले के तेंदुकोन थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए जुआरियों के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 15 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 1 लाख 80 हजार रुपये नगद, 12 मोबाइल फोन तथा जुए में प्रयुक्त वाहन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये बताई जा रही है। इस तरह पूरे मामले में 19 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से तेंदुकोन क्षेत्र में जुए की गतिविधियों की सूचना पुलिस को मिल रही थी। पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारकर इस अवैध जुए के अड्डे को धराशायी कर दिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुए में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।


