महासमुंद। नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू की गिरफ्तारी के बाद साहू समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है। गुरुवार को जिला साहू समाज के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता कर पुलिस की कार्यवाही पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रेसवार्ता में जिला साहू समाज के अध्यक्ष धर्मदास साहू, मोती साहू, गौकरण साहू, जितेंद्र साहू, छन्नू साहू, मानिक साहू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
समाज पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बलरामकांत साहू को एक सोचे-समझे षड्यंत्र के तहत गिरफ्तार किया है। उनका कहना है कि साहू, तुमगांव पुलिस की कथित अवैध कमाई और गोरखधंधों के खिलाफ आंदोलन की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बलरामकांत साहू देह व्यापार और अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध आम जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करने वाले थे, लेकिन उनकी आवाज दबाने के लिए पुलिस ने कानून का दुरुपयोग कर गिरफ्तारी की है।
समाज ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने तुमगांव थाने के आईटी स्टाफ को तत्काल बर्खास्त करने की भी मांग रखी।


