खैरागढ़। निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 (SIR) के महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने पर खैरागढ़ एसडीएम ने सख्त तेवर दिखाए हैं। ग्राम इटार की पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ महिला शिक्षिका सह बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) श्रीमती श्यामा बोरकर को कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया है।
जारी नोटिस में कहा गया है कि 17 नवंबर को एसडीएम ने कार्यालयीन समय में औचक निरीक्षण किया था। उस दौरान श्रीमती बोरकर न तो अपने शिक्षक कर्तव्य पर उपस्थित थीं और न ही SIR के तहत BLO का कोई कार्य कर रही थीं। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 24 घंटे के अंदर संतोषजनक लिखित जवाब नहीं दिया गया तो उनके विरुद्ध एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें वेतन कटौती से लेकर निलंबन तक के कदम उठाए जा सकते हैं।
ज्ञात हो कि भारत निर्वाचन आयोग ने 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया है।इसके तहत 28 अक्टूबर से 7 दिसंबर तक घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का काम चल रहा है। BLO की भूमिका इसमें सबसे अहम है।
एसडीएम ने सभी BLO को पहले ही चेताया था कि SIR के कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रीमती बोरकर के मामले में नोटिस जारी होने के बाद अन्य BLO में भी हड़कंप मच गया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि अब तक जिले में 92 फीसदी से अधिक घरों का भौतिक सत्यापन हो चुका है, लेकिन कुछ BLO अभी भी सुस्ती दिखा रहे हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है – “चुनाव की तैयारी में कोई ढिलाई नहीं चलेगी।” अब देखना यह है कि लापरवाह BLO सुधरते हैं या नोटिस की बौछार और तेज होती है!


