सुकमा। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को सुकमा जिले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला बल सुकमा और कोबरा 203 वाहिनी की संयुक्त टीम ने ग्राम कोईमेंटा के जंगल-पहाड़ियों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर बनाई गई हथियार और विस्फोटक निर्माण फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया।
सुरक्षाबलों को यहां से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। इनमें वर्टिकल मिलिंग मशीन, बेंच वाइस, ग्राइंडर, गैस कटर, बीजीएल लांचर (02 नग), बीजीएल हेड्स (94 नग), शेल (12 नग), डायरेक्शनल आईईडी पाइप्स, बोरवेल ड्रिलिंग बिट, ट्रिगर मैकेनिज्म, हथियार बनाने के लिए प्रयुक्त मोल्डिंग पॉट्स, स्टील पाइप्स (80 नग), आयरन स्क्रैप्स सहित अन्य उपकरण शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एसपी किरण चव्हाण के नेतृत्व में की गई। सुरक्षाबलों का कहना है कि नक्सली इस फैक्ट्री के जरिये सुरक्षा बलों को भारी नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर उनके मंसूबों को विफल कर दिया गया। सुकमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी नक्सल विरोधी अभियान तेज गति से जारी रहेगा।


