महासमुंद। एमेटी यूनिवर्सिटी छत्तीसगढ़ रायपुर) के चौथे दीक्षांत समारोह (4th Convocation Ceremony) का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, रायपुर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस समारोह में क्लास ऑफ 2025 के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को उनकी उपाधियां प्रदान की गईं, जिसमें विभिन्न प्रांतों से आए विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
समारोह की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने शिरकत की। उन्होंने छात्रों को डिग्रियां और मेडल प्रदान किए। अन्य प्रमुख अतिथियों में एमेटी यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. डब्ल्यू. सेल्वमूर्ति, चेयरमैन डॉ. असीम चौहान तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे। फाउंडर प्रेसिडेंट डॉ. अशोक के. चौहान ने वर्चुअल माध्यम से आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर बीएएलएलबी (BALLB) कोर्स में सीजीपीए 9.13 हासिल कर टॉपर बने शिवा आर्तत्राण पवार को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। शिवा ने राज्यपाल के हाथों यह प्रतिष्ठित मेडल प्राप्त किया। शिवा महासमुंद जिले के शंकर नगर निवासी हैं और वरिष्ठ पत्रकार जसवंत पवार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में हेल्थ सुपरवाइजर श्रीमती किरण पवार के सुपुत्र हैं।
शिवा आर्तत्राण पवार की शैक्षणिक यात्रा उल्लेखनीय रही है। एमेटी यूनिवर्सिटी में वे लगातार टॉप 5 में स्थान बनाते रहे और विश्वविद्यालय प्रबंधन से स्कॉलरशिप प्राप्त करते आए। स्कूल जीवन से ही वे मेधावी छात्रों में गिने जाते थे। गोल्ड मेडल के अलावा, उन्हें ज्ञान सृजन में उत्कृष्ठता’ का विशेष अवॉर्ड भी प्रदान किया गया। यह अवॉर्ड एचओआई अभिनव प्रधान ने मंच से दिया। यह सम्मान शिवा के उत्कृष्ट मूट कोर्ट प्रदर्शन (विभिन्न विश्वविद्यालयों में) और कानून से जुड़े कई आर्टिकल्स के प्रकाशन के लिए दिया गया, जो विभिन्न विश्वविद्यालयों तथा प्रकाशकों द्वारा प्रकाशित हुए। समारोह में छात्रों की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया, जहां शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण पर जोर दिया गया। राज्यपाल ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिवा पवार की इस उपलब्धि पर महासमुंद सहित उनके परिवार, परिचितों और प्रियजनों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। उनकी मेहनत और लगन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी है। एमेटी यूनिवर्सिटी ने इस समारोह को एक यादगार और प्रेरणादायक आयोजन के रूप में सफल बनाया। यह उपलब्धि न केवल शिवा के व्यक्तिगत प्रयासों का प्रमाण है, बल्कि छत्तीसगढ़ के युवा प्रतिभाओं की क्षमता को भी राष्ट्रीय स्तर पर दर्शाती है। बधाई हो शिवा आर्तत्राण पवार को!


