Saturday, 25 Jul 2026

जरूरतमंद विद्यार्थियों को सोहम हॉस्पिटल और आस्था वेलफेयर संस्था ने बांटे स्कूल बैग व शिक्षण सामग्री

महासमुंद। शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोहम हॉस्पिटल महासमुंद एवं आस्था वेलफेयर संस्था के संयुक्त तत्वावधान में श्री राम पाठशाला में शिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के जरूरतमंद एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, कॉपियां, वाटर बोतल, कंपास बॉक्स एवं पेन सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सोहम हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉ. सोमी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। आर्थिक अथवा सामाजिक कठिनाइयों को शिक्षा के मार्ग में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

विशेष अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिव्या रंगारी ने अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं मधु तिवारी ने विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिक्षा को जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हथियार बताते हुए विद्यार्थियों को ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।

आस्था वेलफेयर संस्था के अध्यक्ष विपिन मोहंती ने कहा कि शिक्षा की राह में आने वाली चुनौतियों का दृढ़ता से सामना कर ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। वहीं लक्ष्मण मानिकपुरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा वह सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर जीवन की दिशा और दशा बदल सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन संस्था की सचिव अर्चना शर्मा एवं लक्ष्मी मानिकपुरी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में भावना गांधी ने अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यालय के प्राचार्य, लिनु चंद्राकर, विनोद रंगारी, समस्त शिक्षकगण एवं स्कूल स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही। शिक्षण सामग्री प्राप्त कर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!