महासमुंद, 29 अगस्त। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खेल व फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया।
बेमचा में भव्य आयोजन
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा में हॉकी, कबड्डी, बॉल बैडमिंटन, वॉलीबॉल, रस्साकसी सहित पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। साथ ही दौड़, लंगड़ी दौड़, कुर्सी दौड़ जैसे मनोरंजक खेल भी हुए।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बेमचा के सरपंच देवेंद्र चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि रविकांत चंद्राकर, वरिष्ठ नागरिक डॉ. रामशरण कवि, वसुंधरा साहू (माय भारत जिला युवा अधिकारी), शाला विकास समिति अध्यक्ष लिखनू राम निर्मलकर, प्राचार्य एस.एल. पाटकर, एवं अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत हुए और विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए।
खट्टी में वॉलीबॉल मुकाबला
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खट्टी में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। टीम “ए” ने टीम “बी” को कड़े मुकाबले में 25-23, 25-22 से हराकर जीत दर्ज की। आयोजन में शिक्षकों व स्टाफ – तोरण यादव, सुरेश दास मानिकपुरी, शशि कुमार साहू, चित्रा खटकर, इंद्राणी चंद्राकर, महिमा सालोमन, ज्योति दुबे, हितेंद्र साहू आदि का विशेष सहयोग रहा।
कोमाखान में कबड्डी और पारंपरिक खेल
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोमाखान में कबड्डी, रस्साकसी, संखली और पिट्ठल प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अमरकोट में शतरंज और कैरम शासकीय उ.मा. विद्यालय अमरकोट (सरायपाली) में शतरंज, कैरम, रस्साकसी और संखली जैसे खेल खेले गए।
भोरिंग में एथलेटिक्स और रग्बी
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग में एथलेटिक्स, रस्साकसी, कुर्सी दौड़, रग्बी और वॉलीबॉल का आयोजन हुआ। विजेता खिलाड़ियों को प्राचार्य लोकनाथ दीवान एवं शिक्षकों ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
फिट इंडिया मूवमेंट और संडे ऑन साइकिल
राष्ट्रीय खेल दिवस पर सभी विद्यालयों और संस्थाओं में फिट इंडिया शपथ दिलाई गई तथा मेजर ध्यानचंद जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में “मोर खेल, मोर गौरव” की थीम पर आयोजन कर फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा दिया गया। इसके साथ ही 31 अगस्त को “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा से तुमगांव तक किया जाएगा।


