महासमुंद। बागबहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत चंडी माता मंदिर के समीप वन्य प्राणी भालू को कोल्ड ड्रिंक पिलाकर वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर विभाग ने गंभीरता दिखाते हुए वन अपराध क्रमांक 19929/20 दिनांक 12-09-2025 दर्ज कर लिया है।
अनुविभागीय वन अधिकारी (SDO) महासमुंद गोविंद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह कृत्य वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 27(4), 51 का उल्लंघन है। विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि यह करतूत बिलासपुर जिले के तखतपुर निवासी युवक ने की है।
आरोपी की तलाश में बागबहरा वन परिक्षेत्र अधिकारी लोकनाथ ध्रुव अपनी टीम के साथ जुटे हैं। इसके अलावा बिलासपुर वनमंडल के तखतपुर वन परिक्षेत्र की टीम भी पतासाजी में सहयोग कर रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही आरोपी की गिरफ्तारी होगी, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग का कहना है कि वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ न सिर्फ अपराध है बल्कि यह जीवों की सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी खतरनाक है।


