Saturday, 7 Mar 2026

नकाब के पीछे नशे का सौदागर, महाराष्ट्र का कुख्यात गांजा व्यापारी निकला चर्चित यूट्यूबर

महासमुंद। जिला पुलिस ने बीते 30 दिनों में अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के खिलाफ ऐसी आक्रामक और सुनियोजित कार्रवाई की है, जिसने उड़ीसा से लेकर महाराष्ट्र के पुणे, जालना, औरंगाबाद तक फैले अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह हिलाकर रख दिया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और जिला पुलिस की संयुक्त एंड-टू-एंड विवेचना ने तस्करी की पूरी सप्लाई चैन को तोड़ने का काम किया है।

जनवरी माह में नारकोटिक्स एक्ट के 23 प्रकरण दर्ज कर 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान कुल 2067.716 किलोग्राम गांजा और 146 नग प्रतिबंधित सिरप जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ 31 लाख 24 हजार 108 रुपए आंकी गई है। एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

जिले में नए पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के पदभार संभालने के बाद नशे के खिलाफ कार्रवाई की रफ्तार और रणनीति दोनों में स्पष्ट बदलाव देखने को मिला है। सीमित समय में की गई यह बड़ी कार्रवाई बताती है कि पुलिस अब केवल छोटे परिवहनकर्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सीधे नेटवर्क के सरगना, फॉरवर्ड लिंक और बैकवर्ड लिंक तक पहुंचकर कार्रवाई कर रही है।

कोमाखान थाना क्षेत्र में दर्ज दो बड़े मामलों में 520 किलोग्राम और 950 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिनकी कीमत 2 करोड़ 60 लाख और 4 करोड़ 75 लाख रुपए बताई गई है। इन मामलों में महाराष्ट्र के पुणे जिले से गांजा मंगाने वाले पिता और दो पुत्रों समेत कई बड़े तस्करों की गिरफ्तारी हुई है। गांजा उड़ीसा के कालाहांडी, कंधमाल और फूलबानी इलाकों से सप्लाई किया जा रहा था।

इस पूरे मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ कि महाराष्ट्र का एक बड़ा गांजा व्यापारी सोशल मीडिया पर चर्चित यूट्यूबर ‘सांप मित्र’ के रूप में पहचाना जाता था। आरोपी के यूट्यूब चैनल पर 5 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। एक ओर वह खुद को समाजसेवी और सांपों का मित्र बताकर अच्छी छवि गढ़ रहा था, वहीं दूसरी ओर पुणे जैसे बड़े शहर में गांजा का बड़ा अवैध कारोबार चलाकर युवाओं को नशे की लत में धकेलते हुए करोड़ों की कमाई कर रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपराध की दुनिया का शातिर खिलाड़ी था, जो सीधे सामने आए बिना मीडिएटर और लिंक के जरिए पूरा नेटवर्क संचालित करता था। सोशल मीडिया की लोकप्रियता उसके लिए पहचान छुपाने का हथियार बनी हुई थी।पुलिस ने पिछले 48 घंटों में ही 5 प्रकरणों में 90.920 किलोग्राम गांजा जब्त कर 45 लाख 46 हजार रुपए की अवैध तस्करी पर रोक लगाई। तस्करी में प्रयुक्त कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त की गई हैं। कार्रवाई सिंघोड़ा, बसना, तुमगांव, कोमाखान, पिथौरा और बलौदा थाना क्षेत्रों में की गई।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545