भिलाईनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार भिलाई नगर निगम क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य को गति देने के लिए आज आयुक्त सह अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय और संयुक्त कलेक्टर सह निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी सुश्री सिली थॉमस ने फील्ड निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने जोन क्रमांक 1 अंतर्गत ग्रीन वैली कॉलोनी और नेहरू नगर पूर्व में जाकर बीएलओ टीमों की कार्यप्रगति का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त एवं संयुक्त कलेक्टर ने बीएलओ और सुपरवाइजरों से मुलाकात की और उनके द्वारा किए जा रहे डोर-टू-डोर मतदाता फॉर्म वितरण, सत्यापन एवं डेटा संकलन की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर मतदाता सूची में सही जानकारी दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। मौके पर ही 7 मतदाता फॉर्म भरवाकर कार्य की पारदर्शिता और तत्परता का संदेश दिया गया।
आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने बीएलओ से कार्य में आने वाली चुनौतियों और समस्याओं को तुरंत अवगत कराने के लिए कहा, ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। उन्होंने जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में मुनादी कराकर मतदाता पुनरीक्षण की सूचना नागरिकों तक पहुंचाई जाता है।
कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात कर नागरिकों को ऑन-स्पॉट सहायता प्रदान की जाए। आयुक्त सह अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय ने नागरिकों से भावनात्मक अपील की “देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर बीएलओ के कार्यों में सहयोग प्रदान करें। त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। आपका सहयोग इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाएगा।”
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, सहायक अभियंता एफ.एल. साहू, उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा, बसंत साहू, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना तथा निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


