महासमुंद। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी। इस अवसर पर पूरे लोकसभा क्षेत्र में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। तैयारियों की जानकारी सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष महासमुंद में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। इस मौके पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, येतराम साहू समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने बताया कि इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना का संचार करना है। इस कड़ी में तीन दिवसीय पदयात्रा 6 से 8 नवंबर तक आयोजित की जाएगी, जो महासमुंद, गरियाबंद और धमतरी जिलों में एक साथ निकलेगी।
महासमुंद जिले में यात्रा गांधी ग्राम तमोरा से प्रारंभ होकर लोहिया चौक महासमुंद में समाप्त होगी। गरियाबंद जिले में सिरकट्टी आश्रम से गरियाबंद मालगांव तक पदयात्रा निकाली जाएगी। धमतरी जिले में गांधीग्राम कुंडेल से गांधी चौक धमतरी तक यात्रा होगी।
यात्रा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी, जिसमें दो रात्रि विश्राम भी किया जाएगा। सांसद स्वयं इस आयोजन की संयोजक होंगी।
कार्यक्रमों में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए स्कूल-कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, संगोष्ठी और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाएगा। साथ ही नशामुक्त भारत शपथ, स्वदेशी मेले और गर्व से स्वदेशी जैसे अभियान भी चलाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 30 अक्टूबर को सिरपुर से 11 किलोमीटर लंबी विशेष पदयात्रा भी निकाली जाएगी। यात्रा मार्गों पर योग शिविर, हेल्थ कैंप और स्वच्छता अभियान का आयोजन होगा। पीडब्ल्यूडी और नगर निगम को सड़कों की सफाई, रोशनी और सार्वजनिक सुविधाएं (पानी, शौचालय, हल्का भोजन) सुनिश्चित करने निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्ग पर सरदार पटेल के उद्धरणों और राष्ट्रीय एकता दिवस से जुड़े संदेशों वाले साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि, आत्मनिर्भर भारत शपथ और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रेस वार्ता में सांसद ने सांसद खेल महोत्सव की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि संकुल स्तरीय खेल महोत्सव 30 स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है, जो 23 नवंबर तक चलेगा, जबकि विधानसभा स्तरीय खेल महोत्सव 13 दिसंबर तक संपन्न होगा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, प्रभारी खेल अधिकारी अंजली बरमाल तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


