सिरपुर महोत्सव में बाबा हंसराज रघुवंशी की भक्ति संध्या ने बांधा समां
महासमुंद। प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आगाज श्रद्धा, भक्ति और सुरों के अद्भुत संगम के साथ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिवस प्रसिद्ध लोक-भक्ति गायक बाबा हंसराज रघुवंशी की भव्य भक्ति संध्या ने हजारों दर्शकों और श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
बाबा हंसराज रघुवंशी ने मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी, शिव समा रहे मुझमें, लागी लगन शंकरा, भोला मस्त मलंग, अयोध्या आए मेरे प्यारे, राम सिया राम जी और भोलेनाथ की शादी है जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे परिसर को शिवमय कर दिया। उनकी सशक्त आवाज़ और भावपूर्ण गायन पर दर्शक झूम उठे और सिरपुर की पावन धरती बोल बम के जयकारों से गूंज उठी। भक्ति गीतों की लहरों के बीच सिरपुर का वातावरण पूरी तरह शिव आराधना में रंग गया। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे और मंच से लेकर दर्शक दीर्घा तक आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
महोत्सव में सुनील तिवारी लोक कला मंच के रंग-झांझर कार्यक्रम ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं फुलझरिया कर्मा पार्टी द्वारा कर्मा नृत्य, छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच द्वारा लोक कला प्रदर्शन और इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कलाकारों द्वारा कत्थक एवं लोक नृत्य ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
शास्त्रीय प्रस्तुतियों के अंतर्गत ध्रुपद, सितार वादन, ओडिसी नृत्य, भरथरी प्रस्तुति एवं तथागत नाटक ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा से लेकर शास्त्रीय, सूफी और आधुनिक संगीत विधाओं की प्रस्तुतियों ने महोत्सव को बहुरंगी स्वरूप दिया।
सिरपुर महोत्सव के द्वितीय दिवस सोमवार को संगीतमय प्रस्तुतियों की भव्य श्रृंखला के तहत इंडियन आइडल फेम कलाकारों की विशेष प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी। रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक इंडियन आइडल सीजन-10 के नितिन कुमार, सीजन-12 के नचिकेत लेले एवं प्रसिद्ध गायिका वैशाली रायकवार अपनी मधुर आवाज़ से समां बांधेंगे।
इन कलाकारों द्वारा बॉलीवुड, सूफी, भक्ति एवं आधुनिक गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। कार्यक्रम की शुरुआत सायं 4 बजे से इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ द्वारा शास्त्रीय गायन, वादन एवं सुगम संगीत से होगी। इसके पश्चात सूफी स्पिरिचुअल म्यूजिक, कबीर संगीत संध्या, थेरीगाथा नाट्य प्रस्तुति, भरतनाट्यम नृत्य एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम 5:30 बजे से भिलाई की पुष्पा साहू द्वारा नवा किस्मत लोक कला मंच की प्रस्तुति दी जाएगी।


