भिलाई। वैशाली नगर के विधायक रिंकेश सेन ने शनिवार को भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन का विस्तृत भ्रमण किया। भारतीय जनता पार्टी भिलाई इकाई द्वारा आयोजित ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों एवं सुविधाओं की वस्तुस्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित रेलवे अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्टेशन परिसर में कई कार्यों के रुके होने एवं कुछ स्थानों पर कमियों को गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुविधा से जुड़े सभी कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। जिन कार्यों में लापरवाही या देरी नजर आई, उन पर त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
विधायक सिंह ने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो कमियों वाली शिकायतें सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक पहुंचाई जाएंगी, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं समय पर मिल सकें। उन्होंने स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में रेलवे की योजनाओं की सराहना करते हुए भी देरी पर नाराजगी जताई।
‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भी भाग लिया। इस अनौपचारिक चर्चा में स्टेशन की समस्याओं एवं सुधार के सुझावों पर खुलकर विचार-विमर्श हुआ। भाजपा भिलाई इकाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की नागरिकों ने प्रशंसा की तथा इसे जनसमस्याओं के निराकरण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया। विधायक के इस सक्रिय हस्तक्षेप से भिलाई पावर हाउस स्टेशन के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जगी है।


