Wednesday, 10 Jun 2026

नांदगांव में अवैध मुरूम खनन पर ग्रामीणों का हमला, सरपंच-पंचों पर मिलीभगत के आरोप

महासमुंद। जिले के नजदीकी ग्राम पंचायत नांदगांव में अवैध मुरूम खनन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार के खिलाफ आखिरकार ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया और रात्रि में दबिश देकर खनन कार्य को रंगे हाथों पकड़ लिया। ग्रामीणों ने मौके पर ही अवैध खनन में लगे वाहनों को रोकते हुए पूरे मामले को खनिज विभाग के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 6 हाईवा और 2 जेसीबी मशीनों को जब्त किया है।

लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। कार्रवाई के बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में चल रहे अवैध मुरूम खनन में सरपंच और कुछ पंचों की सीधी मिलीभगत है, जिसके कारण यह अवैध कारोबार बेखौफ जारी था।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक के नाम भी ज्ञापन सौंपते हुए अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि यदि जल्द कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!