Saturday, 7 Mar 2026

15 करोड़ की स्वीकृति से 3 पक्की सड़कें और कटंगी नाला पर एनीकट बनेगा

महासमुंद। सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ एवं दुर्गम ग्रामीण इलाकों में विकास की नई किरण जगी है। कांग्रेस विधायक श्रीमती चातुरी नंद के निरंतर प्रयासों और समर्पित प्रयत्नों से लोक निर्माण विभाग एवं जल संसाधन विभाग द्वारा कुल लगभग 15 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों से क्षेत्र के ग्रामीणों को पक्की सड़कों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि उत्पादों के परिवहन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही जल संरक्षण एवं सिंचाई सुविधाओं में मजबूती आएगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार निम्नलिखित सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है जिसमें  लखनपुर से दिवानपाली मार्ग पुल-पुलिया सहित 2.90 किमी लंबाई के इस मार्ग के लिए 3.61 करोड़ रुपये स्वीकृत। इससे दोनों गांवों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा तथा विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को विशेष लाभ होगा।

बड़े साजापाली से कर्राभनियाडीपा होते हुए हेड़सपाली पहुंच मार्ग पुल-पुलिया सहित, 6 किमी लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग के लिए 4.99 करोड़ रुपये की स्वीकृति। पुल-पुलिया निर्माण से बरसात में भी आवागमन निर्बाध रहेगा और ग्रामीणों की पुरानी समस्याओं का अंत होगा।

बुटीपाली – लोहारपाली – खैरजुड़ी मार्ग पुल-पुलिया सहित इस मार्ग के निर्माण हेतु 3.27 करोड़ रुपये स्वीकृत। इससे आसपास के गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी तथा कृषि उपज के बाजार तक पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। जल संसाधन विभाग की ओर से कटंगी नाला (ग्राम अमलडीह) पर एनीकट निर्माण के लिए 2.99 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस एनीकट से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, सिंचाई क्षेत्र का विस्तार होगा तथा भूजल स्तर में सुधार आएगा, जिससे किसानों को लंबे समय तक फायदा पहुंचेगा।

विधायक चातुरी नंद ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, “सरायपाली विधानसभा के दुर्गम एवं दूरस्थ गांवों का विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है। ग्रामीण लंबे समय से पक्की सड़कों और बेहतर सिंचाई सुविधाओं की मांग कर रहे थे। बरसात के दिनों में संपर्क टूटने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती थी, मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते थे और किसानों को अपनी फसल बेचने में कठिनाई होती थी। आज इन स्वीकृतियों से क्षेत्र की तस्वीर बदलने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। पुल-पुलिया युक्त सड़कें वर्षभर आवागमन सुनिश्चित करेंगी, जबकि एनीकट निर्माण से जल संरक्षण और किसानों की आय में वृद्धि होगी।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरा संकल्प है कि सरायपाली का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े। आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास जारी रहेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते रहेंगे।”

इन स्वीकृतियों पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। छुईपाली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तन्मय पंडा, बूटीपाली सरपंच रोहित साहु, सिंघोड़ा सरपंच रश्मि पंडा, टोपचंद पटेल, गिरवर वारे, विष्णु महंत, विधायक प्रतिनिधि दीपक साहू तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता रूपानंद पटेल सहित अनेक स्थानीय लोगों ने विधायक चातुरी नंद के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। ये परियोजनाएं जल्द ही धरातल पर उतरेंगी, जिससे सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545