महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने आम जनता को बड़ी सौगात दी है। जिले की सायबर सेल स्पेशल डेस्क ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए करीब 200 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन हर व्यक्ति के जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है। कई बार लोग मोबाइल की कीमत से अधिक उसमें मौजूद जरूरी डाटा और कॉन्टेक्ट नंबर की वजह से उसे वापस पाना चाहते हैं। इसी जरूरत को देखते हुए जिला सायबर सेल में एक स्पेशल डेस्क का गठन किया गया, जिसने अथक प्रयास कर मोबाइलों को ढूंढ निकाला।
बरामदगी के दौरान कुछ ऐसे मामले भी सामने आए जहाँ लोगों ने बताया कि उन्हें मोबाइल गिरा हुआ या कहीं पड़ा हुआ मिला था अथवा जानकारी के अभाव में खरीद लिया गया था। पुलिस ने ऐसे सभी लोगों से अपील की है कि यदि किसी को कहीं भी गिरा हुआ मोबाइल मिले तो वह तुरंत निकटतम थाने में जमा कराए।
पुलिस ने बताया कि भारत सरकार ने गुम व चोरी हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज कराने के लिए CEIR पोर्टल (ceir.gov.in) शुरू किया है। Block Stolen/Lost Mobile सेक्शन में जाकर शिकायत दर्ज की जा सकती है, जिसके बाद मोबाइल मिलने की सूचना सीधे पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल पर भेज दी जाएगी।महासमुंद पुलिस और सायबर सेल की इस पहल से न केवल जनता को बड़ी राहत मिली है बल्कि टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से अपराध पर नियंत्रण की दिशा में एक अहम कदम भी माना जा रहा है।


