भिलाईनगर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत शासन द्वारा 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित द्वारका, सोमनाथ और नागेश्वर तीर्थ यात्रा के लिए भिलाई नगर निगम क्षेत्र से 42 श्रद्धालुओं का दल आज श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ।
निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के नोडल अधिकारी राजेन्द्र कुमार दोहरे के नेतृत्व में यात्रियों को सुव्यवस्थित तरीके से रवाना किया गया। यात्रियों के लिए शासन द्वारा विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है, साथ ही लाने-ले जाने के लिए वाहन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
बताया गया कि इस वर्ष पूरे छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक संख्या में भिलाई निगम क्षेत्र के यात्री इस योजना के अंतर्गत शामिल हुए हैं। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी यात्रियों को उनके पहचान पत्र जारी किए गए हैं। यह दल 5 नवम्बर से 11 नवम्बर तक की यात्रा पर रहेगा और तीर्थ स्थलों के दर्शन के पश्चात 11 नवम्बर को भिलाई लौटेगा।
रवानगी अवसर पर वरिष्ठ पार्षद महेश वर्मा और समाज कल्याण विभाग के त्रिलोक ताम्रकार ने श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शासन की यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए आस्था, सम्मान और आध्यात्मिक आनंद का माध्यम बनी है। भिलाई निगम प्रशासन द्वारा सभी यात्रियों के लिए खाद्य सामग्री, चिकित्सा सुविधा और मार्गदर्शन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है ताकि यात्रा आरामदायक और सुरक्षित रहे।


