रायपुर। राजधानी रायपुर के स्टेशन रोड स्थित एक होटल में सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से लथपथ शव कमरे से बरामद हुआ। युवक की पहचान बिलासपुर निवासी मो. सद्दाम के रूप में हुई है, जो मूलतः बिहार के किशनगंज का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार सद्दाम 27 सितंबर को बिलासपुर की एक नाबालिग युवती के साथ रायपुर आया था और दोनों ने स्टेशन रोड के एक होटल में कमरा लिया था। 28 सितंबर को भी वे वहीं रुके। सोमवार रात होटल स्टाफ ने संदेह होने पर कमरे की सूचना पुलिस को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो होटल का दरवाज़ा बाहर से बंद मिला। दरवाज़ा तोड़ने पर युवक का शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के गंभीर निशान पाए गए।
पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती ही मृतक की प्रेमिका है और हत्या की मुख्य आरोपी बताई जा रही है। घटना के बाद नाबालिग युवती ने खुद अपनी मां को फोन कर हत्या की जानकारी दी। इसके बाद युवती की मां ने बिलासपुर के कोनी थाने में इसकी सूचना दी, जहां से रायपुर पुलिस तक खबर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और होटल के कमरे से साक्ष्य जुटाए। पुलिस का मानना है कि हत्या एक दिन पुरानी है। वर्तमान में आरोपी नाबालिग युवती पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे प्रेम संबंधों में तनाव या अन्य किसी कारण की आशंका जताई जा रही है।


