“राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी पर चुप क्यों है केंद्र?”
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव ने केंद्र सरकार पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिंहदेव ने कहा कि देश के सबसे बड़े विपक्षी नेता राहुल गांधी को खुलेआम टीवी पर गोली मारने की धमकी दी गई, इसके बाद भी अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई।
सिंहदेव ने कहा “राहुल गांधी के सीने में गोली मारने की धमकी भाजपा प्रवक्ता ने राष्ट्रीय मंच से दी, लेकिन अब तक न तो उसके खिलाफ कार्रवाई हुई और न ही केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोई गंभीर कदम उठाया।”
उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर तत्काल कदम उठाने की मांग की है, तो आखिर अब तक चुप्पी क्यों साधी गई है?
सिंहदेव ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र पर हमला है। विपक्ष के नेता को धमकी देना, और उस पर कार्यवाही न होना बेहद चिंताजनक है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है।


