महासमुंद। शहर के रायपुर रोड स्थित युवराज लॉज में बीती रात सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चल रहे अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से लॉज संचालक युवराज साहू पिता दिलीप साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर रोड स्थित युवराज लॉज में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने देर रात लॉज में अचानक दबिश दी।
दबिश के दौरान दो कमरों में दो युवक-युवतियाँ और एक कमरे में दो महिलाएँ मिलीं। लॉज के रजिस्टर की जांच में यह पाया गया कि वहां ठहरने वालों का कोई वैध पहचान पत्र या प्रामाणिक ब्यौरा दर्ज नहीं था, जो छत्तीसगढ़ दुकान एवं सराय स्थापना अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।
सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में लॉज संचालक के खिलाफ धारा 170, 126, और 135(3) BNSS के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस लॉज में पिछले दो वर्षों से संदिग्ध और अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। सिटी कोतवाली प्रभारी शरद दुबे ने कहा “शहर में इस तरह की किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी लोग इसमें संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”
पुलिस अब लॉज को सील करने और उसका लाइसेंस रद्द करवाने की कार्रवाई भी कर रही है ताकि भविष्य में शहर में इस तरह की गतिविधियां न पनप सकें। महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया है। लोगों ने इस कदम की सराहना करते हुए पुलिस से ऐसे स्थानों पर नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है।


